khabarilaal news desk;-

वाराणसी | चोलापुर थाना क्षेत्र में पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दरोगा बताने और लोगों पर रौब गांठने वाले एक युवक को चोलापुर पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। आरोपी पर अपने परिचित को उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये मांगने का भी आरोप है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

शिकायतकर्ता ने युवक की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद दी सूचना

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने युवक की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद सूचना दी कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर स्वयं को दरोगा बता रहा है तथा नौकरी दिलाने के नाम पर धन की मांग कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की और संदिग्ध को हिरासत में लेकर चोलापुर थाने पहुंचाया।

फर्जी तरीके से वर्दी पहनकर लोगों को कर रहा था गुमराह

पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजन (24 वर्ष) बताया। वह शिवपुर थाना क्षेत्र के इंदरपुर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उसके पहचान पत्र, नियुक्ति संबंधी अभिलेख और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह वास्तव में पुलिस विभाग से जुड़ा है या फर्जी तरीके से वर्दी पहनकर लोगों को गुमराह कर रहा था।

पुलिस अधिकारी जैसा था बातचीत का तरीका और वर्दी पहनने का अंदाज

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का हाव-भाव, बातचीत का तरीका और वर्दी पहनने का अंदाज बिल्कुल पुलिस अधिकारी जैसा था, जिससे पहली नजर में उसकी वास्तविक पहचान कर पाना आसान नहीं था। यही कारण था कि वह रिश्तेदारों और परिचितों के बीच खुद को पुलिस अधिकारी बताकर प्रभाव जमाता था।

आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर कितने लोगों से किया संपर्क

पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर कितने लोगों से संपर्क किया और कहीं किसी से धनराशि की वसूली तो नहीं की। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल किसी अन्य ठगी या आपराधिक गतिविधि में तो नहीं किया।

मामले की हर पहलू से  की जा रही है जांच

चोलापुर थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि वह फर्जी पुलिसकर्मी पाया जाता है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

7 + 2 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!