Khabarilaal News Desk :
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र में एक महिला ने फेसबुक पर दोस्ती करने वाले युवक पर शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने और बाद में कथित रूप से तेजाब पिलाकर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
फेसबुक पर हुई थी पहचान
पीड़िता मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली है। महिला के अनुसार करीब तीन महीने पहले उसकी फेसबुक के जरिए एक युवक से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा।
महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीता और बाद में गाजियाबाद के एक होटल में ले जाकर जल्द शादी करने का वादा करते हुए शारीरिक संबंध बनाए।
बहन से मिलवाने के बहाने बुलाया
शिकायत के मुताबिक कुछ समय बाद आरोपी उसे अपनी बहन से मिलवाने के बहाने बुलंदशहर के सिकंदराबाद ले गया। महिला का आरोप है कि वहां आरोपी और उसकी बहन ने मिलकर उसे धोखे से तेजाब पिला दिया।
तेजाब पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। किसी तरह वह वहां से निकलकर मोदीनगर पहुंची, जहां हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लंबे इलाज के बाद दर्ज कराई शिकायत
महिला ने बताया कि अस्पताल में लंबे समय तक इलाज चलने के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने पहले शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया और बाद में उसे रास्ते से हटाने के लिए तेजाब पिलाने की साजिश रची।
पुलिस ने शुरू की जांच
मोदीनगर पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विजयनगर में गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप
वहीं गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र में भी घरेलू उत्पीड़न का मामला सामने आया है। रामपुरी निवासी कविता ने अपने पति, सास और जेठ पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
महिला का कहना है कि वह आठ माह की गर्भवती है, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की जाती है। उसने यह भी आरोप लगाया कि सास और जेठ उसके पति की दूसरी शादी कराने की धमकी देते हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले की भी जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)