khabarilaal news desk
वाराणसी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय, वाराणसी में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 20 किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता एवं माहवारी स्वच्छता विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य के प्रति सजगता तथा माहवारी के दौरान आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना था
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. एस. राम द्वारा किया गया। उन्होंने सभी किशोरियों का स्वागत करते हुए चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश ने अस्पताल में मरीजों की भर्ती से लेकर डिस्चार्ज तक की संपूर्ण प्रक्रिया को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया।
किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति किया गया जागरूक
प्रशिक्षण सत्र के दौरान डॉ. तुषु ओझा ने किशोरियों को माहवारी के समय स्वच्छता बनाए रखने, सेनेटरी पैड के नियमित एवं सुरक्षित उपयोग तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों और कुरीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक रहने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया।
किशोरियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का चिकित्सा अधिकारियों ने दिया संतोषजनक उत्तर
वाराणसी | कार्यक्रम के दौरान किशोरियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का चिकित्सा अधिकारियों ने संतोषजनक उत्तर देते हुए उनकी समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए उन्हें एचपीवी (HPV) टीकाकरण के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी भी प्रदान की गई।
दैनिक जीवन में अपनाने तथा अन्य बालिकाओं तक भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी संदेश पहुंचाने का संकल्प
यह सेमिनार डॉ. शंभू नाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन, सिगरा के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. रोली सिंह एवं श्री राजीव सिंह का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम के अंत में किशोरियों ने प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा अन्य बालिकाओं तक भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
Comments (0)