khabarilaal news desk:-
वाराणसी | उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के आह्वान पर जिला उद्योग व्यापार मंडल, वाराणसी द्वारा ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल, धरसौना (नहर), चोलापुर में दानवीर भामाशाह जयंती एवं व्यापारी सम्मान समारोह का आयोजन बुधवार को किया गया।
भारत माता एवं दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला महामंत्री नंदलाल जायसवाल, जिलामंत्री सुभाष गुप्ता, चोलापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष भारत जायसवाल, महामंत्री सुरेंद्र सिंह तथा विद्यालय के प्रबंधक मनोज जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महाराणा प्रताप को मुगलों के विरुद्ध संघर्ष के लिए नई सेना और संसाधन जुटाने में मिली महत्वपूर्ण सहायता
मुख्य अतिथि जिला महामंत्री नंदलाल जायसवाल ने अपने संबोधन में दानवीर भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति और उदारता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इतिहास में उनके जैसा दानवीर विरले ही हुआ है। उन्होंने बताया कि भामाशाह ने महाराणा प्रताप को 25 लाख रुपये तथा 20 हजार स्वर्ण अशर्फियां दान स्वरूप प्रदान की थीं। यह सहायता इतनी बड़ी थी कि लगभग 25 हजार सैनिकों का 12 वर्षों तक भरण-पोषण किया जा सकता था। इसी ऐतिहासिक सहयोग से महाराणा प्रताप को मुगलों के विरुद्ध संघर्ष के लिए नई सेना और संसाधन जुटाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
छोटे, मध्यम एवं सूक्ष्म उद्यमियों के लिए समय पर वित्तीय सहायता व्यवसाय की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार
कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक की ओर से सेल्स मैनेजर मनीष सिंह, असिस्टेंट मैनेजर अंकित कुमार सिंह एवं शिवानी वर्मा ने व्यापारियों को बैंकिंग जागरूकता एवं वित्तीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। मनीष सिंह ने बताया कि छोटे, मध्यम एवं सूक्ष्म उद्यमियों के लिए समय पर वित्तीय सहायता व्यवसाय की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने बैंक द्वारा उपलब्ध व्यवसायिक ऋण, कैश क्रेडिट, कैश क्रेडिट/ओवरड्राफ्ट, टर्म लोन, एमएसएमई ऋण तथा सीजीटीएमएसई योजना के अंतर्गत बिना अतिरिक्त संपार्श्विक के पात्र उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
बैंक अधिकारियों ने विस्तार से किया समाधान
उन्होंने कहा कि न्यूनतम आवश्यक दस्तावेजों के साथ पात्र व्यापारी एवं उद्यमी एचडीएफसी बैंक से ऋण प्राप्त कर अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं। साथ ही डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई, क्यूआर भुगतान, चालू खाते तथा व्यापारिक लेन-देन से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने बैंकिंग एवं ऋण योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका बैंक अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया।
चोलापुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर चोलापुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से आलोक कुमार, राजेश विश्वकर्मा, अमित कुमार वर्मा, राजेश कुमार वर्मा, राजकुमार पाठक, चंद्रशेखर सिंह, राजकुमार पाल, गौरव जायसवाल सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष अनिल सेठ ने किया।
Comments (0)