वाराणसी।चोलापुर थाना क्षेत्र के इमिलिया ग्रामसभा के ठाकुर बस्ती में स्थित बांस की कोठी में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बांस की करीब दो दर्जन कोठियों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की भीषण लपटो ने कुछ ही मिनटों में पूरी बस्ती को धुएं के गुबार से भर दिया और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।संयोग ही रहा कि बांस की कोठी से सटे सैकड़ों बीघे गेहूं की फसल बाल बाल बच गया जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली|
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय अचानक एक कोठी से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। बांस की कोठियां आग के लिए बेहद संवेदनशील होने के कारण एक के बाद एक जलती चली गईं। मौके पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और बाल्टी, पाइप व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी अराजक तत्व द्वारा बीड़ी या सिगरेट जलाकर फेंकने से यह आग लगी होगी, जिसने सूखे बांस और फूस को पकड़ लिया। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए प्रशासन द्वारा जांच की बात कही जा रही है। सबसे राहत की बात यह रही कि बस्ती के ठीक बगल में सैकड़ों बीघे में खड़ी गेहूं की फसल इस आग की चपेट में आने से बच गई। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।
Comments (0)