khabarilaal news desk
वाराणसी :-- खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ व्यापक जनजागरण खड़ा करने के उद्देश्य से खाद्य व्यापार मंडल द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय का औपचारिक आगाज दिखाई दिया, जब शहर में सैकड़ों की संख्या में खाद्य कारोबारियों ने हाथों में प्ले कार्ड लेकर मिलावट विरोधी अभियान की शुरुआत की।
सिगरा स्थित एक लॉन में आयोजित कार्यक्रम में जिले के खाद्य व्यापारियों, मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान न सिर्फ मिलावट के खिलाफ जागरूकता अभियान को गति देने की रणनीति बनाई गई, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रहित से जुड़े आह्वान को भी गंभीरता से लेते हुए कई महत्वपूर्ण संकल्प लिए गए।
खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष नवरतन राठी की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों खाद्य कारोबारियों ने मिलावट के विरुद्ध एकजुटता प्रदर्शित की। कार्यक्रम स्थल पर व्यापारियों के हाथों में मिलावट विरोधी संदेश लिखे प्ले कार्ड नजर आए, जो इस बात का संकेत दे रहे थे कि यह अभियान केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि जनसरोकारों से जुड़ा एक बड़ा सामाजिक प्रयास बनने जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष नवरतन राठी ने कहा कि समाज में शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना केवल प्रशासन या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि खाद्य कारोबारियों की भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी स्वयं जागरूक होंगे और अपने आसपास के लोगों को जागरूक करेंगे तो मिलावट जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल और प्रभावी बनाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए चार-चार व्यापारियों की टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर हाथों में प्ले कार्ड लेकर भ्रमण करेंगी और छोटे-बड़े सभी स्तर के खाद्य कारोबारियों एवं निर्माताओं को मिलावट के विरुद्ध जागरूक करेंगी। साथ ही उन्हें खाद्य पदार्थों की शुद्धता, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों के प्रति सचेत किया जाएगा।
नवरतन राठी ने कहा कि खाद्य व्यवसाय केवल लाभ कमाने का माध्यम नहीं बल्कि समाज के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा दायित्व भी है। इसलिए व्यापारियों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि मिलावट से न केवल उपभोक्ताओं का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि इससे पूरे व्यापारिक समुदाय की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
बैठक के दौरान काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में की गई अपील पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस संदर्भ में खाद्य व्यापार मंडल ने व्यापारियों से देशहित में कुछ महत्वपूर्ण संकल्प लेने की अपील की।
अध्यक्ष नवरतन राठी ने कहा कि वर्तमान समय केवल व्यापार करने का नहीं बल्कि राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी है। इसी उद्देश्य से व्यापारियों से पहला संकल्प लेने को कहा गया कि वे अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल, सार्वजनिक परिवहन या साइकिल के उपयोग को प्राथमिकता दें, ताकि ईंधन संरक्षण में योगदान दिया जा सके।
दूसरे संकल्प के रूप में उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं की खरीद, बिक्री और उपयोग को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है। इससे न केवल स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
तीसरे संकल्प के तहत उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि बाहर से मंगाए जाने वाले माल को ट्रक, ट्रांसपोर्ट और मेटाडोर जैसे साधनों के बजाय मालगाड़ी के माध्यम से मंगवाने पर विचार किया जाए, जिससे ईंधन की बचत और परिवहन व्यवस्था में सुधार संभव हो सके।
चौथे बिंदु पर उन्होंने बड़ी कंपनियों द्वारा बिक्री का टारगेट पूरा करने पर दिए जाने वाले विदेश भ्रमण के आकर्षक ऑफरों से दूरी बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विदेशी यात्राओं से बचते हुए देश के भीतर पर्यटन और संसाधनों को बढ़ावा देना चाहिए। वहीं पांचवें और अंतिम संकल्प के रूप में उन्होंने भारतीय परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों से जुड़े संदेश को रेखांकित करते हुए कहा कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों में बहन-बेटियों के लिए पुराने मां या दादी के गहनों का नवीनीकरण कर उनका उपयोग किया जाए। इससे पारिवारिक भावनाएं भी मजबूत होंगी और परंपराओं को भी संरक्षण मिलेगा।
अध्यक्ष नवरतन राठी ने बताया कि व्यापार मंडल ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अब व्यापार मंडल की सभी बैठकें वर्चुअल (ऑनलाइन ) माध्यम से होंगी
कार्यक्रम में रवि धन्नानी, अनूप जायसवाल,कमल लखमानी, संदीप बरनवाल, गौरव राठी, चरणजीत सिंह,विजय घंडवानी,राजेश केशरी,आशीष अग्रवाल, दिलीप केशरी,अनिल सोनकर, रविन्द्र सिंह, किशोर छावड़ा, नरेश रामचंदानी,महाबीर सिंह, विनोद मंगलानी, उपेन्द्र सिंह,घनश्याम लखमानी, राजन जायसवाल,रमेश सुसरानी,अभिनव केशरी, अमर यादव, सत्यनारायण जायसवाल सहित सैकड़ों की संख्या में खाद्य कारोबारी उपस्थित थे
Comments (0)