Khabarilaal news desk 

वाराणसी।पति की गंभीर बीमारी के बाद ससुराल पक्ष द्वारा उपेक्षा और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक विवाहिता ने महिला अपराध शाखा से शिकायत की है। 

विवाहिता का आरोप ससुराल पक्ष के लोग हमेशा करते थे रुपए की मांग

मामले में चोलापुर पुलिस ने सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शिकायत के अनुसार विवाहिता का विवाह वर्ष 2022 में सिंधौरा थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ दिनों बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। 

मायके पक्ष के लोग अब तक करा रहे थे पति का इलाज

विवाहिता का कहना है कि सास, ससुर, देवर और ननद आए दिन ताने देते थे तथा विरोध करने पर मारपीट और धमकी देते थे। शिकायत के अनुसार विवाह के कुछ समय बाद उसके पति गंभीर रूप से बीमार हो गए और उन्हें लकवा मार गया। इसके बाद मायके पक्ष ने आगे बढ़कर पति का इलाज कराया। विवाहिता का आरोप है कि उसके पिता ने लाखों रुपये खर्च कर मुंबई में पति का उपचार कराया और ऑपरेशन भी करवाया, लेकिन ससुराल पक्ष ने इलाज के दौरान किसी प्रकार का आर्थिक या सामाजिक सहयोग नहीं किया। 

पति के इलाज में मायके वालों ने खर्च किए लाखों रुपये, फिर भी विवाहिता को निकाला घर से

पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति की बीमारी के बाद ससुराल वालों का व्यवहार और अधिक कठोर हो गया। गर्भावस्था के दौरान भी उसे प्रताड़ना झेलनी पड़ी। वर्ष 2024 में पुत्र जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष का कोई सदस्य हालचाल जानने नहीं पहुंचा। इसके बाद से वह अपने छोटे बच्चे के साथ मायके में रहने को विवश है।विवाहिता का कहना है कि कई बार समझौते और पंचायत के प्रयास किए गए, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे घर में रखने से इंकार कर दिया। आरोप है कि जबरन घर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने तक की धमकी दी गई। साथ ही उसके जेवरात और अन्य सामान भी वापस नहीं किए गए। 

विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी

प्रभारी निरीक्षक सधुबन राम गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर सास, ससुर, देवर और ननद के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए, 323, 504, 506 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

6 + 4 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!