वाराणसी| विकासखंड हरहुआ के ग्राम पंचायत मुर्दहा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आजीविका संवर्धन केंद्र का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी बद्री प्रसाद वर्मा द्वारा फीता काटकर किया गया।
संवर्धन केंद्र की स्थापना से क्षेत्र के विकास के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित
उद्घाटन के अवसर पर खंड विकास अधिकारी बद्री प्रसाद वर्मा ने समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों में आजीविका संवर्धन केंद्र की स्थापना से क्षेत्र के विकास के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति एक ही स्थान पर संभव हो सकेगी और ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
केंद्र का उद्देश्य- एक ही छत के नीचे सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर और परचून की दुकान
ब्लॉक मिशन प्रबंधक श्रीमती पूजा तिवारी एवं ज्ञानेंद्र शुक्ला ने बताया कि इस केंद्र का उद्देश्य एक ही छत के नीचे सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर और परचून की दुकान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
इन अधिकारियों की कार्यक्रम के दौरान वही उपस्थिति
इस अवसर पर एडीओ पंचायत रवि सिंह, ग्राम विकास अधिकारी संजय सोनकर, ब्लॉक मिशन प्रबंधक पूजा तिवारी, ज्ञानेंद्र शुक्ला, आजीविका सखी सीमा देवी, समूह सखी सावित्री देवी सहित समूह की महिलाएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।यह आजीविका संवर्धन केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Comments (0)