Khabarilaal News Desk :
National Investigation Agency (NIA) ने कंबोडिया से जुड़े मानव तस्करी और साइबर गुलामी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इस मामले का मास्टरमाइंड आनंद कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह अभी भी फरार बताया जा रहा है।
पटना की विशेष अदालत में दाखिल हुई चार्जशीट
एनआईए ने शुक्रवार को Patna स्थित विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की। इसमें आनंद कुमार सिंह के अलावा अभय नाथ दुबे, अभिरंजन कुमार, रोहित यादव और प्रह्लाद कुमार सिंह के नाम शामिल हैं।

नौकरी और मोटी सैलरी का लालच देकर भेजते थे कंबोडिया
जांच में सामने आया कि आरोपी भारतीय युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का झांसा देकर Cambodia भेजते थे। वहां पहुंचते ही उनके पासपोर्ट छीन लिए जाते थे और उन्हें फर्जी साइबर कंपनियों में जबरन काम करने पर मजबूर किया जाता था।

बिजली के झटके, भूखा रखना और मानसिक प्रताड़ना
NIA के मुताबिक विरोध करने वाले युवाओं को बिजली के झटके दिए जाते थे, कमरे में बंद रखा जाता था और खाना-पानी तक नहीं दिया जाता था। पीड़ितों को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

हर युवक को बेचकर वसूलता था हजारों डॉलर
जांच एजेंसी के अनुसार मास्टरमाइंड आनंद कुमार सिंह ट्रैवल एजेंटों और सब-एजेंटों के जरिए युवाओं की भर्ती करता था और कंबोडिया में अपने नेटवर्क के जरिए उन्हें अवैध रूप से भेजता था। हर युवक को फर्जी कंपनी में बेचने के बदले वह 2,000 से 3,000 अमेरिकी डॉलर तक वसूलता था।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी
NIA ने कहा है कि इस अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और पूरे सिंडिकेट की जांच अभी भी चल रही है।

Comments (0)