khabarilaal news desk:-
वाराणसी। विश्व युवा कौशल दिवस (15 जुलाई) के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई एवं सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, करौंदी, वाराणसी में एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, डीडीयू-जीकेवाई, आईटीआई एवं सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
रोजगार मेले में 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए
रोजगार मेले में 20 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। कुल 783 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लिया, जिनमें से 392 अभ्यर्थियों का चयन किया गया और उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
जिला पंचायत वाराणसी की अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य रहीं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत वाराणसी की अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य रहीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा अपने संबोधन में कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल
रोजगार मेले के दौरान अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ करियर परामर्श, कौशल उन्नयन एवं उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। मेले में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, फूड प्रोसेसिंग, हेल्थकेयर, आईटी, बैंकिंग, एग्रीकल्चर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स एवं रिटेल सेक्टर की कंपनियों ने प्रतिभाग कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला जनपद में मांग-आधारित कौशल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने तथा युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रहा है।
कार्यक्रम का संचालन श्री मातादयाल श्रीवास्तव ने किया
इस अवसर पर श्री एम.के. सिंह (जिला समन्वयक/प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई करौंदी), श्री महेंद्र कुमार पाण्डेय (उप प्रधानाचार्य), श्री अभिषेक सिंह, श्री जय कृष्ण श्रीवास्तव (जिला प्रबंधक), श्री प्रभात पाल (जिला कार्यक्रम प्रबंधक), डीपीएमयू टीम, आईटीआई एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री मातादयाल श्रीवास्तव ने किया।
Comments (0)