लखनऊ | मेरा युवा भारत (लखनऊ, उत्तर प्रदेश) तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘विकसित भारत बजट प्रश्नोत्तरी युवा डायलॉग 2026’ का भव्य समापन 13 अप्रैल 2026 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ।
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वंदे मातरम की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया, जबकि उप निदेशक माहे आलम ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य और स्वरूप पर प्रकाश डाला।इस दौरान युवाओं ने संगीतमय प्रार्थना प्रस्तुत की। कार्यक्रम में प्रोफेसर मंजुल उपाध्याय एवं ममता शुक्ला भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
युवा देश की सबसे बड़ी ताकत
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समाज में सकारात्मक सोच और लक्ष्य निर्धारण की आवश्यकता पर बल दिया। प्रोफेसर मंजुल उपाध्याय ने कौशल विकास, युवा नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी, वहीं ममता शुक्ला ने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ
समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में गिरीश चन्द्र यादव उपस्थित रहे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभी अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह एवं राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय द्वारा किया गया।इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘माय भारत’ का उद्देश्य युवाओं को सशक्त, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नरेंद्र मोदी के ‘युवा संदेश’ का किया गया पाठन
कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी के ‘युवा संदेश’ का पाठन भी किया गया। अंत में क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।इस आयोजन में उप निदेशक विकास सिंह, जागृति पाण्डेय, आकर्ष दीक्षित, माहे आलम, अनुपम कुमार, सोनिका चंद्रा सहित विभिन्न जिलों के युवा अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 1200 से अधिक युवाओं ने इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Comments (0)