khabarilaal news desk
वाराणसी | लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) पर ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों के शोषण और भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। एयरपोर्ट पर सेवाएं दे रही एक निजी कंपनी के कर्मचारियों ने ठेकेदारों पर नौकरी बचाने के एवज में मोटी रकम मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित कर्मचारियों ने मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से मुलाकात कर उन्हें शिकायती पत्रक सौंपा है।
सांसद प्रिया सरोज उठाएंगी लोकसभा में मुद्दा
कर्मचारियों ने इस बार केवल मौखिक शिकायत नहीं की है, बल्कि साक्ष्य के तौर पर सांसद को कई ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है, जिसमें पैसे के लेन-देन और धमकी की बात कही जा रही है। सांसद प्रिया सरोज ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए इसकी उच्च स्तरीय जांच कराने और संसद के आगामी सत्र में इस मुद्दे को लोकसभा में उठाने का आश्वासन दिया है।
एअरपोर्ट पर नया टेंडर होते ही शुरू हुआ वसूली का खेल
सांसद को दिए गए पत्रक में कर्मचारियों ने बताया कि वे एयरपोर्ट पर कार्यरत जे सी सी इलेक्ट्रिकल कंपनी में काम करते थे जिसका टेंडर कुछ दिन पूर्व खत्म होने के बाद नया टेंडर एस एन इलेक्ट्रिकल कंपनी' को मिला है ।हाल ही में कंपनी का नया टेंडर पास हुआ है। आरोप है कि टेंडर होते ही प्रबंधन और ठेकेदारों द्वारा प्रति कर्मचारी 35,000 रुपये की मांग की जा रही है। जो कर्मचारी यह रकम देने में असमर्थता जता रहे हैं, उन्हें तत्काल नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही है।
मामले की जानकारी नहीं है कराई जाएगी जांच-एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता
वही इस बारे में एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है यदि ऐसा है तो इसकी जांच कराई जाएगी ।संबंधित ठेकेदार से पूछताछ करूँगा ।
Comments (0)