khabarilaal news desk:-
वाराणसी | फूलपुर थाना क्षेत्र से अपनी 4 वर्षीय बेटी के साथ रहस्यमय ढंग से लापता हुई 24 वर्षीय विवाहिता का मामला आखिरकार 76 दिन बाद सुलझ गया। महिला और उसकी मासूम बेटी को फूलपुर पुलिस ने बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।
अपनी ससुराल से दवा लेने के बहाने पिंडरा बाजार गई थी महिला
पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल को महिला अपनी ससुराल से दवा लेने के बहाने पिंडरा बाजार गई थी। उसने अपने पिता की दुकान के पास स्कूटी खड़ी की, चाबी पड़ोसी दुकान पर रखी और फिर 4 वर्षीय बेटी को साथ लेकर अचानक गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने फूलपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
परिजनों की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 के तहत दर्ज किया गया था मुकदमा
मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई क्योंकि महिला अपने साथ छोटी बच्ची को भी ले गई थी। बाद में परिजनों की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस, साइबर सेल, सोशल मीडिया और तकनीकी संसाधनों की मदद से लगातार तलाश शुरू की।
ढाई महीने तक चले खोज के बाद 23 जून को पुलिस टीम ने महिला और उसकी बेटी को किया बरामद
करीब ढाई महीने तक चले खोज अभियान के बाद 23 जून को पुलिस टीम ने महिला और उसकी बेटी को बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपनी मर्जी से संजीव कुमार नामक युवक के साथ घूमने चली गई थी और अब स्वयं वापस लौट आई है। इस हाई-प्रोफाइल गुमशुदगी के पीछे किसी अपहरण या साजिश की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग और स्वेच्छा से घर छोड़ने का निकला। फिलहाल महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
Comments (0)