Khabarilaal News Desk
वाराणसी। समाज कार्य विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ द्वारा राजकीय वृद्ध गृह, वाराणसी में एम.एस.डब्ल्यू. विद्यार्थियों के फील्ड वर्क के अन्तिम दिन शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताते हुए सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया तथा उनके अनुभवों को साझा किया।
समाज कार्य के विद्यार्थियों द्वारा वृद्धजनों के बीच किया गया कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं प्रेरणादायक
राजकीय वृद्ध गृह के अधीक्षक देवशरण सिंह एवं उच्च सहकर्मी लक्ष्मी, सीमा, एवं शशिकला ने विद्यार्थियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज कार्य के विद्यार्थियों द्वारा वृद्धजनों के बीच किया गया कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां वृद्धजनों को भावनात्मक सहयोग प्रदान करती हैं तथा विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत बनाती हैं।
फील्ड वर्क समाज कार्य शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग
इस मौके पर विभाग की प्रो. शैला परवीन ने कहा कि फील्ड वर्क समाज कार्य शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने विद्यार्थियों को संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं मानवीय मूल्यों के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के साथ बिताया गया समय विद्यार्थियों के लिए जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव है, जो उन्हें समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने में सहायता करेगा।
विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सहानुभूति एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का विकास
प्रो. भावना वर्मा ने कहा कि समाज कार्य केवल एक विषय नहीं बल्कि समाज के प्रति समर्पण की भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सहानुभूति एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का विकास करते हैं।
कार्यक्रम में इन प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में एम.एस.डब्ल्यू. के सभी फील्ड वर्क विद्यार्थियों वैष्णवी सोनकर, शिवांगी मिश्रा, सोनाली सिंह, मीनाक्षी डे, नेहा सोनकर ने सक्रिय सहभागिता की। विद्यार्थियों ने वृद्धजनों के स्वास्थ्य, मानसिक स्थिति एवं सामाजिक आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया तथा उनके साथ संवाद स्थापित कर आत्मीय वातावरण बनाया।
Comments (0)