khabarilaal news desk:-

चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर कठहलगंज चौराहे के पास मंगलवार भोर में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधेड़ की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अजगरा चौकी क्षेत्र के उधोरामपुर निवासी काशीनाथ यादव (52) के रूप में हुईं मृतक की पहचान

जानकारी के अनुसार, प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त अजगरा चौकी क्षेत्र के उधोरामपुर निवासी काशीनाथ यादव (52) पुत्र स्व. केदार यादव के रूप में हुई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर भेजवाया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें निजी चिकित्सालय होते हुए पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी साधुवन राम गौतम ने बताया कि घटनास्थल से एक नंबर प्लेट MH 04 MT 3100 बरामद हुई है

खेती-बाड़ी और पशुपालन से जुड़े थे काशीनाथ यादव

परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार काशीनाथ यादव खेती-बाड़ी और पशुपालन से जुड़े थे। वाराणसी के भक्ति नगर कॉलोनी में भी उनका मकान है, जहां वे पशुपालन का कार्य करते थे। मंगलवार तड़के करीब चार बजे वह उधोरामपुर स्थित घर से भक्ति नगर जाने के लिए निकले थे, जहां पशुओं को चारा-पानी देना था रास्ते में ही हादसा हो गया।

हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम

मृतक अपने पीछे पत्नी विमला देवी, माता प्रभावती देवी, दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। बड़ी पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्री और दोनों पुत्रों का विवाह होना बाकी है। बड़ा लड़का मुम्बई मे रह कर निजी कम्पनी मे कार्यरत है , हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

9 + 5 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!