Khabarilaal News Desk :
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। किशोरी का शव घर से करीब 200 मीटर दूर सूखे नाले के पास मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात से लापता थी किशोरी
मामला पड़री थाना क्षेत्र के बसारी गांव का बताया जा रहा है। परिवार के अनुसार, शनिवार रात भोजन के बाद मां-बेटी सो गई थीं। देर रात जब मां की नींद खुली तो किशोरी कमरे में नहीं थी। इसके बाद परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह नाले के पास मिला शव
रविवार सुबह गांव के प्रधान ने सूखे नाले के पास शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान 15 वर्षीय कविता के रूप में की। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई।
युवक पर हत्या का आरोप
परिजनों ने सुखनई गांव निवासी साजन उर्फ राजन पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि आरोपी किशोरी से फोन पर संपर्क में था और पहले भी एक पारिवारिक कार्यक्रम में बिना बुलाए पहुंचा था, जिस पर विवाद हुआ था।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Comments (0)