वाराणसी। नट समुदाय संघर्ष समिति के बैनर तले सोमवार को मुसहर समुदाय के लोगों ने आवास और शौचालय की मांग को लेकर पिंडरा ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को आवेदन पत्र सौंपा। समुदाय के लोगों ने सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग करते हुए अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

अत्यंत कठिन परिस्थितियों में करना पड़ रहा है जीवन यापन

आवेदन देने पहुंचे लोगों ने बताया कि आज भी कई मुसहर परिवार ऐसे हैं, जिनके पास रहने के लिए पक्का आवास और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अत्यंत कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करना पड़ रहा है। समुदाय की महिलाओं ने कहा कि खुले में शौच और असुरक्षित आवास के कारण उन्हें रोजाना कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

जगदीशपुर मुसहर बस्ती से लगभग 20 समुदायजन पहुंचे ब्लॉक कार्यालय

इस दौरान जगदीशपुर मुसहर बस्ती से बेला, शांति, पत्ती, इन्दु, रिता, संगीता, प्रभावती एवं सरोजा, खरकपुर मुसहर बस्ती से रन्नो, चंदा, प्रमिला, निर्मला एवं प्रमिला देवी तथा औराँव मुसहर बस्ती से किरन देवी सहित विभिन्न गांवों के लगभग 20 समुदायजन ब्लॉक कार्यालय पहुंचे।

बीडीओ ने आवेदन प्राप्त करते हुए पहले बस्ती स्तर पर जांच कराने की कही बात

समुदाय के लोगों ने बताया कि बीडीओ ने आवेदन प्राप्त करते हुए पहले बस्ती स्तर पर जांच कराने की बात कही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

जरूरतमंद परिवारों को जल्द से जल्द प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय योजना का मिले लाभ

समुदाय जनों ने प्रशासन से मांग की है कि जरूरतमंद परिवारों को जल्द से जल्द प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक और सुरक्षित जीवन जी सकें।

 
Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

1 + 1 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!