वाराणसी।नौ दिनों तक भगवती के हर रुपों की आराधना और पूजा-अर्चना तथा 'नवमी कन्या पूजन' के साथ चैत्र नवरात्र-सकुशल संपन्न हुआ । शहर में हर जगह 'नवमी कन्या पूजन' के चलते भीड़-भाड़ और उत्साह का माहौल रहा।
बताते चलें कि नवमी कन्यापूजन का सर्वाधिक आकर्षण रविन्द्रपुरी स्थित विश्वविख़्यात अघोरपीठ, 'बाबा कीनाराम स्थल क्रीं-कुण्ड', में दिखा जहां सुबह आश्रम की साफ-सफ़ाई और दैनिक आरती-पूजन के बाद यहाँ के पीठाधीश्वर परम पूज्य अघोराचार्य महाराजश्री बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी के दिशा निर्देशन में 'नवमी कन्या पूजन' की शुरुआत हुई ।
इसी कड़ी में सर्वप्रथम सभी 9 कन्याओं का श्रृंगार कर उन्हें देवी रुप में और एक बालक का श्रृंगार कर उन्हें भैरव बाबा के रुप में प्रतिष्ठित कर आसीन किया गया।नवरात्र पूजन के आचार्य प्रकाश व आश्रम की वरिष्ठ सदस्या श्रीमती संगीता सिंह की अगुवाई में श्रद्धालुजनों द्वारा देवी स्वरुप में विराजमान सभी 9 बाल कन्याओं और भैरव रूप में बालक के पाँव पखारे गए ।तत्पश्चात सभी देवी व् भैरव जी की विधि सम्मत पूजा कर उनकी आरती उतारी गयी । इसके उपरांत सभी देवियों व भैरव जी को विभिन्न पकवानों का भोग लगाया गया और उन्हें तृप्त कराकर पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया गया ।
इस दौरान वहां पर उपस्थित सैकड़ों भक्तजनों द्वारा 'जय माँ सर्वेश्वरी' और 'हर-हर महादेव' का उदघोष लगातार होता रहा । बाद में, भंडारे के तहत, हज़ारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया । ग़ौरतलब है कि अघोरपीठ 'बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड' में नवरात्र का पर्व और 'नवमी कन्या पूजन' को देखने के लिए देश और दुनिया के साधक-महात्माओं के अलावा आम श्रद्धालुजन भी बड़ी संख्या में यहां आते हैं।
Comments (0)