वाराणसी। BJP द्वारा 6 अप्रैल को मनाए जाने वाले स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर काशी क्षेत्र में संगठनात्मक उत्साह और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला। वाराणसी जिला व महानगर सहित काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 16 जिलों के पार्टी कार्यालयों पर शनिवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पार्टी कार्यालयों को स्वच्छ, सुसज्जित और उत्सवमय बनाने का संकल्प लिया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने की अभियान की शुरुआत
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता अभियान का शुरुआत किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू उठाकर कार्यालय परिसर की सफाई की और उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा एवं अन्य माननीयों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी कार्यालय के प्रत्येक तल पर स्थित सभी कक्षों की गहन सफाई की। कमरों की झाड़ू-पोछा से लेकर पानी से धुलाई तक की गई। कार्यालय परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं और चित्रों को भी विशेष रूप से साफ किया गया।स्वच्छता अभियान के दौरान कार्यालय परिसर के ग्राउंड एरिया में भी झाड़ू लगाकर कचरे का समुचित निस्तारण किया गया।
16 जिलों में कार्यालय को सजाने की तैयारी अंतिम दौर में
इसके उपरांत स्थापना दिवस समारोह को भव्य रूप देने के लिए कार्यालय को फूलों और आकर्षक लाइटिंग से सजाने का कार्य प्रारंभ किया गया। पूरे परिसर को उत्सव के अनुरूप सजाने की तैयारियां देर शाम तक चलती रहीं।
पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी नई दिशा-दिलीप पटेल
इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि भाजपा कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए केवल एक संगठनात्मक केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों की पाठशाला और मंदिर के समान है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपने जीवन का संस्कार बना ले तो न केवल मानव कल्याण होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 2014 को काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं झाड़ू लगाकर काशी से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी, जो आज एक व्यापक जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
प्रत्येक दिन होंगे अलग-अलग कार्यक्रम
स्थापना दिवस के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्र स्थापित कर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही बूथ समितियों के सदस्य, पन्ना प्रमुख, प्राथमिक व सक्रिय सदस्य तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का एकत्रीकरण किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर किसी वरिष्ठ कार्यकर्ता का एकल भाषण भी आयोजित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने घरों पर पार्टी ध्वज फहराकर स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने तथा कार्यक्रमों के चित्र सोशल मीडिया पर साझा करने का भी आह्वान किया।
स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य से -एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा
भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य से है। उन्होंने कहा कि घर हो या कार्यालय, दोनों स्थानों का स्वच्छ होना अत्यंत आवश्यक है। यदि हमारे आसपास का वातावरण स्वच्छ रहेगा तो शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
रोहनिया कार्यालय पर 6 अप्रैल को 1:00 बजे से भव्य कार्यक्रम
भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को अपराह्न 1 बजे से रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहेंगे।
स्वच्छता अभियान के दौरान इन प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
स्वच्छता अभियान एवं तैयारियों के दौरान प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, राजेश राजभर,क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सुरेंद्र पटेल, प्रवीण सिंह गौतम, श्रीप्रकाश शुक्ला, संतोष सोलापुरकर, डॉ. जेपी दुबे, उषा मौर्या , पवन सिंह, अरविंद पटेल, विपिन पाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Comments (0)