Khabrilaal News Desk :
वाराणसी – ऑपरेशन सिंदूर को एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट स्थित मां गंगा की आरती भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को समर्पित की गई। गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित इस विशेष आरती में सेना के साहस और आतंकवाद के खिलाफ उनके अदम्य संघर्ष को नमन किया गया।
दीप प्रज्वलन और शंखनाद से हुआ शौर्य का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान दशाश्वमेध घाट पर दीप प्रज्वलन किया गया। शंखनाद और डमरू की गूंज के बीच भारतीय सेना के पराक्रम को सम्मान दिया गया। श्रद्धालुओं ने सेना के जवानों को बधाई देते हुए देशभक्ति के नारों से पूरा घाट गुंजायमान कर दिया।
देशभक्ति के रंग में रंगा दशाश्वमेध घाट
मां गंगा की आरती से पहले घाट पर मौजूद हजारों श्रद्धालु देशभक्ति के रंग में दिखाई दिए। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद की सेना” जैसे गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।
आतंकी घटना के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि
आरती से पूर्व गंगा सेवा निधि के अर्चकों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए मां गंगा में दीपदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाबा विश्वनाथ से की प्रार्थना
विशेष आरती के दौरान बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की गई कि भारतीय सेना आतंकवाद के खिलाफ इसी प्रकार अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करती रहे तथा देश की रक्षा में सदैव सफल रहे।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Comments (0)