वाराणसी। महिला अध्ययन केन्द्र, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ द्वारा शुक्रवार को गोद लिए गांवों के विद्यालयों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
भाषण कहानी लेखन व चित्रकला की आयोजित की गई प्रतियोगिता
महिला अध्ययन केंद्र की प्रभारी प्रो. वंदना सिन्हा ने बताया कि राजकीय इण्टर कॉलेज, जगतपुर, पण्डित मातादीन सुकुल स्मारक इण्टर कॉलेज, रोहनियां तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टिकरी में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा छठीं से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों के विभिन्न समूहों में भाषण प्रतियोगिता, कहानी लेखन प्रतियोगिता व चित्रकला (पेंटिंग) प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बालिका साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय की बड़ी संख्या में बालिकाओं ने भाग लिया और शिक्षा, स्वच्छता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को किया गया पुरस्कृत
इस मौके पर विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सामाजिक जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर महिला अध्ययन केंद्र की सदस्य प्रो. भावना वर्मा एवं प्रो. शैला परवीन, प्रो. अनीता एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्यों बिपिन चंद्र राय जगतपुर, विनोद कुमार पाठक, रोहनिया तथा मनोज कुमार सिंह, टिकरी आदि उपस्थित रहे।
Comments (0)