वाराणसी।विकास खंड हरहुआ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रसूलपुर में शुक्रवार को प्रधानाध्यापक ब्रजभूषण पाण्डेय के सेवानिवृत्ति के अवसर पर शिक्षक सम्मान एवं शैक्षिक संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।
दीप प्रज्वलन के बाद हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने पाण्डेय के शिक्षा क्षेत्र में लगभग 50 वर्षों के योगदान की सराहना करते हुए उनके कार्यों को प्रेरणादायी बताया।
माल्यार्पण कर भेंट किया गया स्मृति चिन्ह
कार्यक्रम में उन्हें माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि वह अपने अनुभवों से समाज को निरंतर दिशा देता रहता है।
विदाई समारोह के दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक शिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अजीत पाण्डेय द्वारा किया गया। अंत में सभी ने श्री पाण्डेय के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

Comments (0)