khabarilaal news desk:-

वाराणसी | बाबतपुर भारतीय नागरिक उड्डयन के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत से पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। 25 जून से वाराणसी-दिल्ली सेक्टर पर शुरू होने जा रही देश की पहली हब एंड स्पोक विमान संचालन व्यवस्था के शुभारंभ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उनका यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने की एयरपोर्ट विस्तार से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा

रात्रि करीब 8:15 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने के बाद 9 बजे केंद्रीय मंत्री ने निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट विस्तार से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और निर्धारित समयसीमा के बारे में जानकारी प्राप्त की।

विशेष टनल परियोजना के संबंध में दिया गया विस्तृत प्रस्तुतीकरण प्रेजेंटेशन

निरीक्षण के दौरान मंत्री को निर्माणाधीन न्यू टर्मिनल बिल्डिंग, मल्टी लेवल कार पार्किंग, नए एप्रन, रनवे से जुड़ी सुविधाओं,एलिवेटेड रोड तथा रनवे के नीचे बन रही विशेष टनल परियोजना के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण प्रेजेंटेशन दिया गया। अधिकारियों ने परियोजनाओं की प्रगति, यात्री क्षमता में संभावित वृद्धि तथा भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी साझा की।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सड़क मार्ग द्वारा शहर के लिए रात्रि 10 बजे किए प्रस्थान

मंत्री के दौरे को लेकर एयरपोर्ट प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। उसके बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सड़क मार्ग द्वारा शहर के लिए रात्रि 10 बजे प्रस्थान किए। इस दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी के अध्यक्ष, एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता, सीआईएसएफ कमांडेंट सुचिता सिंह अहलूवालिया, निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट जनरल मैनेजर नितिन ढकाते सहित एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस प्रशासन, सीआईएसएफ तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

इसके अलावा स्थानीय पुलिस प्रशासन, सीआईएसएफ तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में 25 जून को प्रस्तावित ऐतिहासिक शुभारंभ कार्यक्रम, नई विमान संचालन प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा संचालन संबंधी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

हब एंड स्पोक मॉडल लागू होने के बाद वाराणसी देश के प्रमुख विमानन नेटवर्क में महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा

गौरतलब है कि हब एंड स्पोक मॉडल लागू होने के बाद वाराणसी देश के प्रमुख विमानन नेटवर्क में महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा। इससे पूर्वांचल के यात्रियों को एक केंद्रीय हब के माध्यम से देश के विभिन्न शहरों तक अधिक सुविधाजनक और बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध हो सकेगा। नागरिक उड्डयन क्षेत्र में इस पहल को एक ऐतिहासिक और दूरगामी महत्व का कदम माना जा रहा है।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

6 + 10 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!