khabarilaal news desk:-
वाराणसी | चोलापुर थाना क्षेत्र के अजगरा चौकी अंतर्गत रजला गांव स्थित प्राचीन गोमतेश्वर महादेव मंदिर से अज्ञात चोरों द्वारा पीतल का सात घंटा चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया।
धार्मिक स्थल को चोरो ने बनाया निशाना
ग्रामीणों ने इसे धार्मिक आस्था पर हमला बताते हुए पुलिस से शीघ्र खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह मंदिर के पुजारी रमाशंकर सिंह प्रतिदिन की भांति पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो देखा कि मंदिर परिसर में वर्षों से लगा पीतल के सात घंटे अपने स्थान से गायब थे। घंटे पर मंगरू साव गुप्ता सहित अन्य लोगों के नाम खुदे हुए थे। घंटा चोरी होने की सूचना गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए।
गोमतेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र
ग्रामीणों का कहना है कि गोमतेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से घंटा चोरी होने की घटना से लोगों में गहरा रोष है। लोगों ने आशंका जताई कि चोर देर रात मंदिर परिसर में पहुंचे और सुनसान का फायदा उठाकर सभी घंटा खोलकर अपने साथ ले गए।
पुजारी रमाशंकर सिंह ने चौकी प्रभारी को सौंपी लिखित तहरीर
घटना के बाद पुजारी रमाशंकर सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अजगरा चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी को लिखित तहरीर सौंपी। तहरीर पर लालजी सिंह, राम सूरत सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, मुन्नीलाल सिंह और मनोज यादव सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। शिकायत में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए घंटे की बरामदगी की मांग की गई है।
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए शुरू कर दी है जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाएं चिंता का विषय हैं।
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग
उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments (0)