Khabrilaal News Desk :

वाराणसी – शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर चेन स्नैचर गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट की नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वह भागने लगा।

घेराबंदी में गिरा बदमाश

पुलिस की घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायर किया, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश की पहचान

घायल बदमाश की पहचान बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी निवासी किरहिया थाना भेलूपुर वाराणसी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .15 बोर, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, 3630 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की गई।

महिला से चेन लूट की वारदात कबूली

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल 2026 को शिवपुर स्थित विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला के गले से चेन लूटी थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी सेंट्रल जेल रोड की ओर फरार हो गए थे।

लूटी गई चेन बेचकर उड़ाए पैसे

आरोपी ने पुलिस को बताया कि लूटी गई चेन को ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया था और हिस्से में मिले पैसों का कुछ हिस्सा नशे में खर्च कर दिया गया। उसने यह भी स्वीकार किया कि दोनों आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल कर क्षेत्र में लगातार वारदात की योजना बना रहे थे।

मुकदमा दर्ज, अस्पताल में भर्ती

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4), 317(2), 109(1) तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेजा गया है।

पुलिस टीम रही शामिल

मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा के साथ उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, अनिकेत श्रीवास्तव, गौरव सिंह, विद्यासागर समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

2 + 8 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!