VARANASI NEWS:-तेज आंधी-तूफान का कहर, युवक घायल, कई मकान हुआ क्षतिग्रस्त
khabarilaal news desk
जनपद Varanasi में आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम ने कई इलाकों में जनजीवन को प्रभावित किया। आंधी और तेज हवाओं के चलते अलग-अलग क्षेत्रों में जनहानि, पशुहानि तथा संपत्ति क्षति की घटनाएँ सामने आई हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक घायल हुआ है, जबकि तीन पशुओं की मौत और कई मकानों को नुकसान पहुंचा है।
तेज आंधी-तूफान के दौरान निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, युवक घायल
तहसील सदर के थाना मण्डुवाडीह क्षेत्र स्थित पावर हाउस के सामने एक निर्माणाधीन मकान की दीवार और छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। यह दीवार पास स्थित श्री सुनील विश्वकर्मा के मकान पर जा गिरी, जिसकी चपेट में आने से 22 वर्षीय मोहित विश्वकर्मा घायल हो गए।
घायल युवक को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए Banaras Hindu University ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वर्तमान में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
तेज आंधी में पेड़ गिरने से तीन भैंसों की मौत
तेज आंधी-तूफान के दौरान तहसील सदर के ग्राम रमना में एक भैंस पेड़ के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं तहसील राजातालाब के ग्राम लक्षापुर और कोरऔता में भी पेड़ गिरने से दो अन्य भैंसों की मृत्यु हो गई।
खराब मौसम के चलते सात मकान और दो पशुबाड़े क्षतिग्रस्त
खराब मौसम के चलते जिले के विभिन्न इलाकों में कुल सात मकान और दो पशुबाड़े आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रभावित परिवारों को प्रशासन द्वारा राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी
जिला प्रशासन ने सभी घटनाओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए राजस्व एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर भेजा है। प्रशासन के अनुसार राज्य आपदा मोचक निधि के अंतर्गत प्रभावित लोगों को अनुमन्य राहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और खुले स्थानों, पेड़ों तथा जर्जर भवनों के आसपास जाने से बचें।
Comments (0)