Khabarilaal News Desk :
कहते हैं कि अगर सपनों को पूरा करने का जुनून हो तो मुश्किल से मुश्किल रास्ता भी मंजिल तक पहुंचा देता है। गुजरात की रहने वाली आनल कोटक की कहानी इसी बात का जीता-जागता उदाहरण है। सगाई की रस्मों के बीच घर से भागकर एक टीवी शो के ऑडिशन में पहुंचने वाली आनल आज करोड़ों रुपये के कारोबार की मालकिन और देश की चर्चित सेलिब्रिटी शेफ बन चुकी हैं।
सगाई छोड़कर पहुंचीं ऑडिशन देने
आनल एक पारंपरिक गुजराती बिजनेस फैमिली से आती हैं। परिवार चाहता था कि वह सीए, सीएस या यूपीएससी जैसी पढ़ाई करें, लेकिन उनका सपना कुकिंग और होटल मैनेजमेंट की दुनिया में नाम कमाने का था।
20 साल की उम्र में जब उनकी सगाई की रस्में चल रही थीं, तब उन्होंने अपनी मौसी की मदद से सुबह 4 बजे घर छोड़ दिया और लोकप्रिय टीवी शो ‘रसोई महारानी’ के ऑडिशन में पहुंच गईं। यही फैसला उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
टीवी शो जीतकर बनीं सबसे कम उम्र की कुकिंग एक्सपर्ट
आनल ने सिर्फ ऑडिशन ही नहीं दिया बल्कि शो जीतकर गुजरात की सबसे कम उम्र की कुकिंग एक्सपर्ट के रूप में पहचान भी बनाई। इसके बाद उन्होंने प्रोफेशनल कुकिंग की दुनिया में कदम रखा और लगातार सीखने व मेहनत करने का सिलसिला जारी रखा।
12 साल की उम्र में बना दिया था 50 लोगों का खाना
कुकिंग का हुनर आनल को अपनी नानी और दादी से मिला। बताया जाता है कि महज 12 साल की उम्र में उन्होंने एक धार्मिक कार्यक्रम में 50 लोगों का खाना तैयार कर सबको हैरान कर दिया था।
बिजनेस की बारीकियां सीखने के लिए उन्होंने किचन में घंटों खड़े होकर काम किया और ग्राउंड लेवल से अनुभव हासिल किया।
2017 में शुरू किया ‘The Secret Kitchen’
शादी के बाद परिवार का सहयोग मिलने पर आनल ने प्रोफेशनल ट्रेनिंग ली और वर्ष 2017 में वडोदरा में अपना पहला रेस्टोरेंट ‘The Secret Kitchen’ शुरू किया।
उनके रेस्टोरेंट की खासियत पारंपरिक भारतीय और क्षेत्रीय व्यंजनों को आधुनिक अंदाज में पेश करना है। उनकी कई रेसिपी परिवार की पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं पर आधारित हैं।
भारत से विदेश तक फैला कारोबार
आज आनल कोटक का रेस्टोरेंट ब्रांड भारत के साथ-साथ अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया तक पहुंच चुका है। उनके 11 से अधिक आउटलेट्स हर महीने हजारों ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने पारंपरिक भारतीय स्वाद को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए विशेष तकनीक विकसित की, जिससे भारत में तैयार बेस ग्रेवी विदेशों तक भेजी जाती है।
अब ग्लोबल ब्रांड बनाने का लक्ष्य
आनल कोटक MasterChef India Season 7 में गेस्ट जज के रूप में भी नजर आ चुकी हैं। उनका अगला लक्ष्य भारतीय क्षेत्रीय व्यंजनों को वैश्विक मंच पर और मजबूती से स्थापित करना, शिकागो में नया आउटलेट खोलना और अपने रेडी-टू-कुक मसाला ब्रांड का विस्तार करना है।
यह कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो परिस्थितियों के आगे हार मान लेते हैं। आनल कोटक ने साबित कर दिया कि अगर सपनों के लिए जोखिम उठाने का साहस हो तो सफलता जरूर मिलती है।
Comments (0)