khabarilaal news desk:-
वाराणसी |मिर्ज़ामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव नेशनल हाईवे नहर किनारे रविवार को 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, जहां सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस, फोरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गौर गांव निवासी जग्गू पुत्र नंदा राम के रूप में हुई
मृतक की पहचान गौर गांव निवासी जग्गू पुत्र नंदा राम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जग्गू शनिवार को बिहड़ा गांव स्थित अपनी बहन गीता देवी के घर जाने की बात अपने भाभी से कहकर घर से निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। रविवार को उसका शव नहर किनारे मिला।
सिर पर चोट और शरीर पर जख्म
वहीं परिजनों का आरोप है कि जग्गू के सिर पर गंभीर चोट के निशान, हाथ टूटे हुए थे और पीठ पर भी जख्म मिले हैं। मृतक की बहन गीता ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जग्गू ने छह माह पहले बिहड़ा गांव की एक युवती से किया था प्रेम विवाह
परिवार के मुताबिक, जग्गू ने छह माह पहले बिहड़ा गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था।
इस शादी से युवती के परिजन नाराज थे। यह जग्गू की दूसरी शादी थी। पहली पत्नी का निधन हो चुका था।
घर से निकलने से पहले जग्गू ने मांगे थे कुछ रुपये
वहीं मृतक की भाभी संजू ने बताया कि घर से निकलने से पहले जग्गू ने कुछ रुपये मांगे थे और बहन के घर जाने की बात कही थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन उसका शव बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया।
Comments (0)