वाराणसी | उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य को गति देने के लिए अब पुराने भवनों को हटाने की तैयारी शुरू हो गई है। निर्माण की जद में आ रहे सीएमएस कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण इकाइयों को जल्द ही दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज के विस्तार और निर्माण कार्य के चलते सीएमएस कार्यालय, प्रशासनिक कार्यालय, सेमिनार हॉल, पर्ची काउंटर और दवा वितरण काउंटर प्रभावित हो रहे हैं। इसको लेकर सीएमएस डॉ. आर.एस. राम, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेम प्रकाश और निर्माण से जुड़े कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यह निर्णय लिया गया कि निर्माण कार्य में बाधा बन रहे सभी विभागों को जल्द से जल्द खाली कर वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा, ताकि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सके।
सूत्रों के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत बिल्डिंग के पश्चिम दिशा में मन फकीरे बाबा मंदिर की ओर पर्ची काउंटर और दवा वितरण की व्यवस्था की जा सकती है। इसके साथ ही सीएमएस कार्यालय और प्रशासनिक कार्यालय को भी उसी क्षेत्र में स्थानांतरित करने की योजना बनाई जा रही है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शिफ्टिंग की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से पूरा किया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है और सभी विभागों का स्थानांतरण जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

Comments (0)