वाराणसी।दानुपुर स्थित गायत्री शक्तिपीठ में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय विशेष साधना अनुष्ठान की पूर्णाहुति राम नवमी के दिन यज्ञ-हवन के साथ की गई।
समापन के दौरान भव्य गायत्री यज्ञ का आयोजन
नवरात्रि के दौरान पूरे नौ दिनों तक साधकों ने विशेष तप और साधना की। समापन पर भव्य गायत्री यज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रों के साथ आहुतियां दी गईं और विश्व कल्याण की प्रार्थना की गई। भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भगवान राम का जीवन आदर्श और मर्यादा का प्रतीक
शक्तिपीठ के व्यवस्थापकों और संरक्षकों के मार्गदर्शन में साधकों ने अपने उपवास और जप का संकल्प पूर्ण किया। पूर्णाहुति के समय पूरा वातावरण भक्ति से सराबोर हो गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान राम का जीवन आदर्श और मर्यादा का प्रतीक है, जिसे अपनाकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। दानुपुर क्षेत्र के लोगों ने इस धार्मिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Comments (0)