वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में गुरुवार को कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी की अध्यक्षता में विद्या परिषद की बैठक संपन्न हुई।

कुलपति प्रो. त्यागी ने बताया कि विश्वविद्यालय के हित एवं विकास में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए मिजोरम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. ए.एन. राय की अध्यक्षता में 'प्रोत्साहन कमेटी' बनाई गई। इसमें भौतिक विभाग, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के प्रो. अजय त्यागी, वाणिज्य एवं प्रबंधशास्त्र संकाय, काशी विद्यापीठ के अध्यक्ष प्रो. सुधीर कुमार शुक्ल, कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, सहायक कुलसचिव अरिन्दम श्रीवास्तव सदस्य होंगे।

कुलपति प्रो. त्यागी ने बताया कि अब ऐसे 15 पाठ्यक्रम जिनमें व्यक्ति विशेष के नाम पर स्वर्ण पदक दिए जाते हैं, उनमें अब दो स्वर्ण पदक (एक व्यक्ति विशेष के नाम पर एवं एक पदक विश्वविद्यालय देगा) दिया जायेगा। साथ ही गणित विभाग के सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 'डॉ. बटुक प्रसाद सिंह स्मृत स्वर्ण पदक' प्रदान किया जायेगा। 

बैठक में सत्र 2026-27 से स्किल डेवलपमेंट कोर्स के रूप में 'इंट्रोडक्शन टू बेसिक्स ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस' कोर्स प्रारम्भ करने निर्णय हुआ। सत्र 2026-27 से डिप्लोमा इन जर्मन लैंग्वेज, डिप्लोमा इन स्पेनिश लैंग्वेज एवं डिप्लोमा इन स्पोकेन इंग्लिश शुरू करने का निर्णय लिया गया। साथ ही स्नातक में स्किल डेवलपमेंट कोर्स के तहत प्रथम सेमेस्टर में मोबाइल जर्नलिज्म, द्वितीय सेमेस्टर में कॉन्टेंट राइटिंग फॉर वेब एंड ब्लॉग्स तथा तृतीय सेमेस्टर में स्क्रिप्ट राइटिंग (टीवी/रेडियो/डिजिटल मीडिया) का प्रश्न पत्र भी प्रारम्भ करने का निर्णय हुआ।

सत्र 2026-27 से स्नातक में को-करिकुलर पाठ्यक्रम के अंतर्गत प्रश्न पत्र- प्राथमिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (प्रथम सेमेस्टर) गृह विज्ञान विभाग में, प्रश्न पत्र- मानवीय मूल्य एवं पर्यावरण अध्ययन (द्वितीय सेमेस्टर) का दर्शन शास्त्र विभाग तथा अन्य में, प्रश्न पत्र- शारीरिक शिक्षा एवं योग (तृतीय सेमेस्टर) का शारीरिक शिक्षा एवं योग विभाग में, प्रश्न पत्र- भारतीय एवं क्षेत्रीय भाषा (चतुर्थ सेमेस्टर) का हिन्दी विभाग में और प्रश्न पत्र- सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामुदायिक सहभागिता (चतुर्थ सेमेस्टर) के कक्षाओं का संचालन समाजशास्त्र विभाग में होगा।

बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय सहित विश्वविद्यालय के सभी निदेशक, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष एवं विद्या परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

1 + 8 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!