khabarilaal news desk:-
वाराणसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं कर्नाटक सरकार में दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री रहे स्वर्गीय सूरज हेगड़े के आकस्मिक निधन के बाद पूरे कांग्रेस परिवार में शोक का माहौल है। उनके निधन को कांग्रेस संगठन के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को उनके परिजन स्व. सूरज हेगड़े का अस्थि कलश लेकर काशी पहुंचे, जहां सनातन परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधि-विधान के बीच मां गंगा की पावन गोद में उनका अस्थि विसर्जन किया गया।
कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने स्व. सूरज हेगड़े को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

अस्थि विसर्जन के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने स्व. सूरज हेगड़े को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। पूरे वातावरण में श्रद्धा, भावुकता और शोक का माहौल देखने को मिला।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे परिजनों के साथ रहे मौजूद
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे परिजनों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने स्व. सूरज हेगड़े को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सचिव सूरज हेगड़े जी का निधन केवल कांग्रेस पार्टी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी एक बड़ी क्षति है।सूरज हेगड़े जी कांग्रेस के समर्पित, कर्मठ और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और अपनी मेहनत, संगठन के प्रति निष्ठा तथा नेतृत्व क्षमता के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे। उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सहित संगठन के अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और शीर्ष नेतृत्व के विश्वासपात्र नेताओं में शामिल रहे।
सूरज हेगड़े का असमय निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति

राहुल गांधी के भी वे बेहद करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे।सूरज हेगड़े का असमय निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका व्यक्तित्व प्रेरणादायी था और वे हमेशा कार्यकर्ताओं का सम्मान करते थे। संगठन को मजबूत बनाने के लिए उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। वाराणसी सहित पूरे देश का कांग्रेस परिवार इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है। हम बाबा विश्वनाथ जी से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा उनके परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें।
उपस्थित लोगों ने की मां गंगा से स्वर्गीय सूरज हेगड़े की आत्मा की शांति एवं सद्गति की कामना
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मां गंगा से प्रार्थना करते हुए स्वर्गीय सूरज हेगड़े की आत्मा की शांति एवं सद्गति की कामना की और उनके आदर्शों पर चलकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प भी दोहराया।
इस भावभीनी मौके पर उनके परिजनों के साथ पार्टी के नेता कार्यकर्ता रहे उपस्थिति
— महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे , महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा , रोहित दुबे , किशन यादव, विनीत चौबे , परवेज ख़ान , अनुभव राय , रामजी गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे ।
Comments (0)