khabarilaal news desk:-
वाराणसी | चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत भोहर गांव में चोरों ने सार्वजनिक स्थल पर लगी सोलर लाइट ही जड़ से उखाड़कर चोरी कर ली। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की जा रही है।
दो वर्ष पूर्व अजगरा विधायक त्रिभुवन राम की पहल पर एक लगवाई गई थी सोलर लाइट
जानकारी के अनुसार भोहर गांव के तीन घरवा ब्राह्मण बस्ती मार्ग पर करीब दो वर्ष पूर्व अजगरा विधायक त्रिभुवन राम की पहल पर एक सोलर लाइट लगवाई गई थी। यह सोलर लाइट गांव के निवासी संजीव मिश्रा उर्फ राजन मिश्रा की दुकान के सामने सार्वजनिक मार्ग पर स्थापित थी, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को रात में पर्याप्त रोशनी मिलती थी।बताया जाता है कि सोमवार रात अज्ञात चोरों ने सोलर लाइट को उसके आधार समेत उखाड़ लिया और फरार हो गए।
तत्काल डायल-112 पर दी गई सूचना
मंगलवार सुबह जब संजीव मिश्रा अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो सोलर लाइट गायब देखकर हैरान रह गए। इसके बाद तत्काल डायल-112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर संबंधित चौकी एवं थाने में लिखित शिकायत देने की सलाह दी। संजीव मिश्रा ने चंदापुर चौकी पर लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं को निशाना बनाने वाले चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा की जानी चाहिए सुनिश्चित
उनका कहना है कि गांवों में विकास कार्यों के तहत लगाई गई सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। वही चोलापुर थाने के सीयूजी नम्बर पर पूछने पर कार्यवाहक प्रभारी ने कहा कि उन्हे मामले की जानकारी ही नहीं है।
Comments (0)