वाराणसी। जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के अंतर्गत उदय प्रताप इण्टर कालेज में तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स (FT) का प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। अंतिम दिवस प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार व अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डा० सदानन्द गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत् शुभारम्भ किया गया।
जनपद 142 फील्ड ट्रेनर्स (FT) का प्रशिक्षण लखनऊ द्वारा प्रशिक्षित 04 मास्टर ट्रेनरों द्वारा 35-35 व 36-36 के दो बैच में दिनांक 16, 17 व 18 मार्च तथा 19, 20 व 23 मार्च को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।
प्रशिक्षण देते हुए जनगणना कार्य के महत्व, उसकी सटीकता तथा समयबद्धता पर दिया गया जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृतजानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में विशेष रूप से जनगणना 2027 डिजिटल एप के माध्यम से डेटासंग्रहण, मकानों के सूचीकरण, परिवारों की गणना तथा सर्वेक्षण कार्य को सही और प्रभावी ढंग से संपन्न करने की विधियों का विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देते हुए जनगणना कार्य के महत्व, उसकी सटीकता तथा समयबद्धता पर विशेष बल दिया गया, साथ ही फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर्स द्वारा चार्ज स्तर पर क्षेत्रों में पर्यवेक्षक व प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। सभी 142 फील्ड ट्रेनर्स को फील्ड में जाकर सर्वे का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। इसके लिए सभी प्रतिभागियों को चार समूहों में विभाजित किया गया। फील्ड में जाकर उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में जनगणना प्रक्रिया को समझने और उसका अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला ।
यह प्रशिक्षण राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स अवधेश यादव, संदीप कुमार विश्वास, विरेन्द्र कुमार सिंह तथा विनय कुमार सिंह (द्वितीय) द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए उन्हें आगामी कार्य के लिए तैयार किया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर डा० सदानन्द गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व)/ जिला जनगणना अधिकारी द्वारा प्रतिभागियों से अपेक्षा की गई कि वे प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करेंगे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी सर्वेक्षण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस प्रशिक्षण के सफल आयोजन से जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सुचारु और प्रभावी रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
Comments (0)