khabarilaal news desk
वाराणसी। 91 यूपी बटालियन एनसीसी, मुगलसराय द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन शनिवार को उत्साह एवं गरिमा के साथ संपन्न हो गया। यह शिविर 15 मई से 24 मई 2026 तक वाराणसी के एक विद्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के सैकड़ों कैडेटों ने सहभागिता करते हुए सैन्य प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
कैडेटों को हथियार संचालन एवं निशानेबाजी का कराया गया व्यावहारिक अनुभव
शिविर के दौरान कैडेटों को फायरिंग, ड्रिल, मैप रीडिंग, ट्रैफिक कंट्रोल, आपदा प्रबंधन, एनडीआरएफ सेशन, एसएसबी विशेष कक्षाएं तथा नेतृत्व विकास संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कैंप का मुख्य आकर्षण फायरिंग प्रशिक्षण रहा, जिसमें सभी कैडेटों को हथियार संचालन एवं निशानेबाजी का व्यावहारिक अनुभव कराया गया। इसके अलावा भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से कैडेटों के व्यक्तित्व एवं अभिव्यक्ति कौशल को भी निखारा गया।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के महत्व से कराया गया अवगत
प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही विपरीत परिस्थितियों एवं बदलते मौसम में स्वयं को ढालने तथा चुनौतियों का सामना करने के गुर भी सिखाए गए। खेलकूद प्रतियोगिताओं, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया गया।
कैडेटों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों का किया भरपूर मनोरंजन
शिविर के अंतिम दिन आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या में कैडेटों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कैडेटों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों का भरपूर मनोरंजन किया।
दस दिनों में प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभव को अपने जीवन में करें आत्मसात
समापन समारोह को संबोधित करते हुए कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमर सिंह (सेना मेडल) ने कहा कि “इन दस दिनों में प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभव को अपने जीवन में आत्मसात करें। एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासित, जिम्मेदार, आत्मनिर्भर एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करने का सशक्त मंच है।”
बटालियन के समस्त पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ रहे उपस्थित
इस अवसर पर एओ कर्नल सुखबीर पूनिया, कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, कैप्टन सत्यमूर्ति ओझा, कैप्टन कामेश सिंह, चीफ ऑफिसर अशोक त्रिपाठी, सेकेंड ऑफिसर सचिन सिंह यादव, सूबेदार मेजर जे.बी. थापा, ट्रेनिंग जेसीओ भूपेंद्र सिंह, बीएचएम भरत, सूबेदार चंद्रशेखर, हवलदार संजय कुशवाहा, नायब सूबेदार मिलन थापा, ओम गुरूंग सहित बटालियन के समस्त पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ शिविर का औपचारिक समापन हुआ।
Comments (0)