khabarilaal news desk:-
बाबतपुर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, वाराणसी का आधिकारिक एक्स अकाउंट हैक होने के बाद सस्पेंड हो गया है। अकाउंट खोलने पर Account suspended. X suspends accounts that violate Our Rules संदेश प्रदर्शित हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया।
अकाउंट हैक होने की पुष्टि के बाद मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, अकाउंट हैक होने की पुष्टि के बाद मामले की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई गई है। साथ ही एक्स की तकनीकी टीम को भी सूचना देकर अकाउंट बहाल कराने और पूरे प्रकरण की जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
साइबर पुलिस मामले की कर रही जांच
अधिकारियों का कहना है कि साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच कैसे हुई और हैकिंग के पीछे कौन लोग हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भ्रामक पोस्ट या अपुष्ट जानकारी पर न करें विश्वास
फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और आम लोगों से अपील की है कि जब तक आधिकारिक एक्स अकाउंट बहाल नहीं हो जाता, तब तक एयरपोर्ट से संबंधित सूचनाएं केवल अन्य आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें तथा किसी भी भ्रामक पोस्ट या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें।
Comments (0)