विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर बुधवार को पं. दीनदयाल चिकित्सालय, पाण्डेयपुर के सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वाराणसी के सचिव प्रवीण कुमार द्वारा की गई।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. राम, एसएमओ डॉ. प्रीति अग्रवाल, एमओ एआरटी सेंटर डॉ. एस.के. सिंह सहित एआरटी सेंटर, केयर सपोर्ट सेंटर, वन स्टॉप सेंटर तथा टीआई एनजीओ के स्टाफ और पंजीकृत क्लाइंट्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. राम ने अतिथियों का स्वागत किया और विश्व स्वास्थ्य दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एआरटी सेंटर की सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।एसएमओ डॉ. प्रीति अग्रवाल ने एचआईवी से जुड़े मरीजों को समय पर दवा लेने, नियमित जांच, काउंसलिंग तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव और उपचार के तरीकों को सरल भाषा में समझाया।
एमओ डॉ. एस.के. सिंह ने एआरटी दवाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दवाएं मरीजों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रवीण कुमार ने एचआईवी/एड्स एक्ट 2017 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून एचआईवी पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा करता है और किसी भी प्रकार के भेदभाव के खिलाफ उन्हें कानूनी सुरक्षा प्रदान करता है।
वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर प्रियंका सिंह ने बताया कि घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार के भेदभाव की स्थिति में पीड़ितों को वन स्टॉप सेंटर पर सहायता मिलती है। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी देते हुए लोगों से इसका उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन एसपी विश्वकर्मा एवं पैरा लीगल वालंटियर दिनेश पटेल द्वारा किया गया।

Comments (0)