वाराणसी |प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव के परिसर में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाई गई।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर मोहम्मद ने स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ के साथ इस अवसर पर बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण किया। माल्यार्पण के बाद उन्होंने बाबा साहब के जीवन और विचारों पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. शेर मोहम्मद ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार सदैव प्रासंगिक बने रहेंगे। सामाजिक न्याय के प्रति उनकी सोच देश को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हम सभी भारतीयों के लिए पवित्र ग्रंथ है।
इस अवसर पर लैब टेक्नीशियन आर.के. यादव ने कहा कि डॉ. बाबासाहब आंबेडकर नाम से लोकप्रिय बाबा साहब भारतीय बहुज्ञ, विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ, लेखक और समाज-सुधारक थे। उन्होंने दलित बौद्ध आंदोलन को प्रेरित किया और अछूतों के प्रति होने वाले सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया था।
कार्यक्रम में डॉ. जयंत, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी दिवाकर वर्मा, फार्मासिस्ट मनोज शर्मा, पंकज गुप्ता, शशिकला, सीमा कुमारी एवं स्वास्थ्य केंद्र के समस्त कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments (0)