वाराणसी | बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय में विश्व लीवर दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं फाइब्रो स्कैन जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 20 अप्रैल 2026 को चिकित्सालय के सभागार कक्ष में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
अस्वस्थ जीवनशैली के कारण लीवर संबंधी बीमारियों में तेजी से हो रही वृद्धि
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि आजकल खराब खान-पान, शराब सेवन, दवाओं का अत्यधिक उपयोग, मधुमेह और अस्वस्थ जीवनशैली के कारण लीवर संबंधी बीमारियों में तेजी से वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विश्व लीवर दिवस का विषय “अच्छी आदतें, स्वस्थ लिवर” है, जो लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
फाइब्रो स्कैन जांच के माध्यम से लीवर की स्थिति और उसके लचीलेपन का किया जाता आकलन
उन्होंने बताया कि फाइब्रो स्कैन जांच के माध्यम से लीवर की स्थिति और उसके लचीलेपन का आकलन किया जाता है, जिससे फैटी लीवर, हेपेटाइटिस और अन्य गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है और उनका उचित उपचार संभव होता है। इससे लीवर में सूजन, फाइब्रोसिस, ट्यूमर और अन्य जटिलताओं की रोकथाम में भी मदद मिलती है।
लीवर संबंधी बीमारियों की रोकथाम और प्रारंभिक उपचार
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं फिजिशियन डॉ. एस.के. मौर्या ने मरीजों और उनके परिजनों को लीवर संबंधी बीमारियों की रोकथाम और प्रारंभिक उपचार के बारे में जानकारी दी। वहीं डॉ. मिन्हाज अहमद ने उपस्थित लोगों की शंकाओं का समाधान किया।
नर्सिंग स्टाफ का रहा महत्वपूर्ण योगदान
फाइब्रो स्कैन जांच का कार्य श्री भगवान सिंह यादव एवं श्री शिव सिंह द्वारा किया गया। शिविर के सफल संचालन में मुख्य नर्सिंग सुपरिटेंडेंट श्रीमती चंद्रकला राव सहित नर्सिंग स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्वास्थ्य शिविर में कुल 110 लोगों ने अपने लीवर की कराई जांच
इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 110 लोगों ने अपने लीवर की जांच कराई और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में लीवर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर जांच के महत्व को समझाना रहा।
Comments (0)