वाराणसी| बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 17 अप्रैल 2026 को 69वें एवं 70वें वार्षिक विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बरेका प्रेक्षागृह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक का स्वागत कर की गई। इसके बाद महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन में श्री चौधरी ने सभी पुरस्कृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
डेढ़िया लोक नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को कर दिया मंत्रमुग्ध
समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। कृष्ण वंदना पर आधारित रास-नृत्य, प्रसिद्ध गजल “ये दौलत भी ले लो, ये शोहरत भी ले लो” और डेढ़िया लोक नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से संबंधित पत्रिका का विमोचन
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा बरेका की उपलब्धियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें लोकोमोटिव निर्माण, हरित ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता और संस्थान के गौरवशाली इतिहास को दर्शाया गया। साथ ही विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से संबंधित पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
31 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में वर्ष 2024 और 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों को भी सामूहिक पुरस्कार प्रदान किए गए। लाइट मशीन शॉप और ब्लॉक डिवीजन को सर्वोत्तम हाउसकीपिंग, ट्रक मशीन शॉप को सर्वोत्तम कार्य प्रणाली तथा प्रोग्रेस लोको को सर्वोत्तम संरक्षा प्रदर्शन का पुरस्कार मिला।
समारोह बरेका परिवार की उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण
अपने संबोधन में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि यह समारोह बरेका परिवार की उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि ‘मेक इन इंडिया’ के तहत बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 लोकोमोटिव का निर्माण कर अब तक का सर्वाधिक उत्पादन दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक है।
राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस दौरान मनोज कुमार गुप्ता, आलोक अग्रवाल, मुक्तेश मित्तल, शैलेंद्र कुमार सिंह, देवराज कुमार मौर्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Comments (0)