वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एसएसपीजी मंडलीय व महिला जिला और पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय जिला चिकित्सालय का शनिवार को औचक निरीक्षण कर वहाँ संचालित व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा मौके पर मौजूद सीएमओ, सीएमएस सहित डॉक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छोटी-छोटी कर्मियों को करे दूर -जिलाधिकारी
पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान ज़िलाधिकारी ने सीटी स्कैन वाले भवन के खराब पड़े शौचालय को दुरुस्त कराने, बगल की बिल्डिंग पर रखे टैंक से लगातार पानी गिरने और साफ़ सफाई की बेहतर व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
अस्पताल के विकास के लिए छोटे-छोटे इस्टीमेट बनाने के दिए निर्देश
उन्होंने चिकित्सालय के मरम्मत कार्यों के लिए एक-एक प्लम्बर और टेक्निशियन आउटसोर्सिंग पर रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अभियंता को कुछ छोटे कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में असेम्बल कर रखे गए स्ट्रेचरों को सही स्थान पर रखने के निर्देश फार्मासिस्ट को दिए।
स्ट्रेचर ले जा रहे तीरमदार से जिलाधिकारी ने की बात
निरीक्षण के दौरान मरीज के लिए स्ट्रेचर लिए जा रहे एक तीमारदार से जिलाधिकारी ने बातचीत किया और इसके लिए नियुक्त चिकित्सालय के कर्मचारियों (वार्ड बॉय, नर्सिंग स्टाफ, अटेंडेंट और पैरामेडिक्स/बचावकर्मी) को ड्यूटी पर हमेशा तैनात रखने के लिए एसीएमओ को निर्देशित किया।
अस्पताल परिसर में साफ सफाई के लिए सीएमओ को दिया निर्देश
उन्होंने ट्रामा सेंटर के इमरजेंसी वॉर्ड, ऑपरेशन थियेटर कक्ष, ईसीजी कक्ष, स्टोर रूम आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाएँ परखी। डायलिसिस यूनिट सेंटर को सेनेटाइज और साफ़ सफाई के निर्देश सीएमओ को दिए। उन्होंने पं.दीन दयाल उपाध्याय राजकीय जिला अस्पताल में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली।
पुरुष एवं महिला सरकारी अस्पताल का निरीक्षण कर दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
तत्पश्चात् जिलाधिकारी ने एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा और राजकीय महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा महिला चिकित्सालय में मौजूद प्रीमेच्योर बेबी इनक्यूबेटर, ऑटोक्लेव और टाइम टोटालाइज़र सहित अन्य मशीनों द्वारा मिलने वाली सुविधाओं की प्रक्रिया को बारीकी से समझा।
आवासीय भवन के निर्धारित स्थलों का भी किया अवलोकन
इसके अलावा जिलाधिकारी द्वारा महिला अस्पताल में नवजात शिशुओं की देखभाल करने के लिए बनने वाले स्पेशल न्यूबोर्न केयर यूनिट और एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय में नए बनने वाले 500 बेड के अस्पताल व आवासीय भवन के निर्धारित स्थलों का भी अवलोकन किया गया।इस दौरान सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, सीएमओ, सीएमएस सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
Comments (0)