वाराणसी| गिरजादेवी सांस्कृतिक संकुल के सभागार में “नारी शक्ति वंदन, सशक्त नारी सशक्त भारत” टाउनहॉल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ और महिला आरक्षण कानून के माध्यम से लोकतंत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई।कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प अब जमीन पर दे रहा दिखाई
अपने संबोधन में स्मृति ईरानी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प अब जमीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, उज्ज्वला योजना और मातृ वंदना योजना ने महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है। साथ ही ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम है, जिससे संसद और विधानसभाओं में 33% आरक्षण सुनिश्चित होगा।
काशी की धरती सदैव नारी शक्ति की रही है उपासक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि काशी की धरती सदैव नारी शक्ति की उपासक रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में शामिल करना विकसित भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है और सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए बिना भेदभाव कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में इन प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मंच पर नीरजा माधव, मीना चौबे, पूनम मौर्या, आनंद प्रभा, अपराजिता सोनकर, साधना वेदांती, मृदुला जायसवाल, निर्मला सिंह पटेल, शालिनी यादव सहित कई प्रमुख महिलाएं उपस्थित रहीं। पद्मश्री से सम्मानित भरतनाट्यम कलाकार नलिनी और कमलिनी की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का संचालन रचना अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन साधना वेदांती ने दिया।इसके अलावा कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
प्रधानमंत्री के प्रति लोगो ने व्यक्त किया आभार
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
Comments (0)