वाराणसी युवा कांग्रेस द्वारा चलाया गया “किसान न्याय सत्याग्रह” छठे दिन पहले चरण के समापन के साथ संपन्न हुआ। शास्त्री घाट से कचहरी तक मार्च कर डॉ. अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कार्यकर्ताओं ने MSP की कानूनी गारंटी और ‘US ट्रेड डील’ के विरोध में आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।
किसानों के समर्थन में चलाया जा रहा “किसान न्याय सत्याग्रह
भारतीय युवा कांग्रेस के आवाह्न पर महानगर युवा कांग्रेस, वाराणसी द्वारा किसानों के समर्थन में चलाया जा रहा “किसान न्याय सत्याग्रह” छठे दिन पहले चरण के समापन के साथ संपन्न हुआ। यह आंदोलन ‘US ट्रेड डील’ के विरोध और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP की कानूनी गारंटी देने की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन
छठे दिन सत्याग्रह के तहत कार्यकर्ताओं ने शास्त्री घाट से पैदल मार्च करते हुए कचहरी चौराहे तक रैली निकाली। यहां भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए। लगातार छह दिनों तक युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने संकेत दिया कि यह आंदोलन अब व्यापक जनसमर्थन हासिल कर रहा है।
किसान आज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि देश का किसान आज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर है, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘US ट्रेड डील’ जैसे समझौते भारतीय कृषि और स्थानीय बाजार व्यवस्था को कमजोर कर सकते हैं, जिससे छोटे और मध्यम किसान प्रभावित होंगे।
MSP की कानूनी गारंटी किसानों का अधिकार
महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा ने कहा कि MSP की कानूनी गारंटी किसानों का अधिकार है और जब तक इसे कानून का रूप नहीं दिया जाएगा, तब तक किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह आंदोलन आगे और तेज किया जाएगा।
सत्याग्रह के दौरान किसानों के समर्थन में चलाया गया हस्ताक्षर अभियान
सत्याग्रह के दौरान किसानों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद की।कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने किसानों के समर्थन में संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया और आंदोलन को अगले चरण में ले जाने की घोषणा की।
Comments (0)