सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बकौली गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। मामूली बात पर एक व्यक्ति द्वारा नाबालिग बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ बच्चे तालाब के किनारे मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान तालाब में मछली पालन करने वाले व्यक्ति ने उन्हें पकड़ लिया और सजा देने के नाम पर बच्चों के साथ क्रूरता करते हुए उन्हें ‘मुर्गा’ बना दिया।घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया और क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
वीडियो सामने आने के बाद तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। सूचना मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित छुड़ाकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने बच्चों को तालाब में मछली पकड़ते हुए देख उन्हें पकड़कर प्रताड़ित किया था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का अमानवीय व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य अमरेश पाठक ने कहा कि बच्चों के साथ शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके।

Comments (0)