Khabarilaal News Desk :

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के नेतृत्व में 15 मई से 5 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। अभियान के समापन अवसर पर शुक्रवार को प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई।

इस अवसर पर बरेका के लिए गर्व की बात रही कि महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के परिणामस्वरूप बरेका को प्रतिष्ठित “गोल्ड रेटिंग ग्रीनको सर्टिफिकेशन” (GreenCo Certification) प्राप्त हुआ है।

सिल्वर से गोल्ड तक का शानदार सफर

महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पहले बरेका को सिल्वर लेवल ग्रीनको सर्टिफिकेशन प्राप्त था, जिसे अब गोल्ड रेटिंग में अपग्रेड किया गया है।

भारतीय उद्योग परिसंघ (CII), हैदराबाद द्वारा 10 विभिन्न मानकों पर किए गए कठोर मूल्यांकन में बरेका ने 1000 में से 650 अंक हासिल किए। यह उपलब्धि पर्यावरणीय स्थिरता और हरित विकास के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण पर हुआ मंथन

प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित संगोष्ठी का शुभारंभ मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र अग्रवाल द्वारा मुख्य अतिथि एवं प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील को पौधा भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।

सिविल विभाग की ओर से वरिष्ठ इंजीनियर श्री अमित कुमार ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बरेका द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

नुक्कड़ नाटक से दिया हरित संदेश

संगोष्ठी में बरेका नाट्य दल ने वरिष्ठ कलाकार श्री सुधाकर मणि के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हरित पर्यावरण के महत्व और संरक्षण की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया।

प्रतियोगिता विजेताओं का सम्मान

मुख्य अतिथि श्री विवेक शील ने पर्यावरण विषयक चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में अधिकाधिक वृक्षारोपण और ऊर्जा संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री शैलेंद्र कुमार सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री अनूप सिंह वत्स ने किया।

अधिकारियों ने किया बृहद वृक्षारोपण

संगोष्ठी के बाद अधिकारी विश्राम गृह परिसर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) श्री राम जन्म चौबे, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव, सदस्य श्री नवीन कुमार सिन्हा, श्री सुशील कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रोलर स्केटिंग रैली ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संस्थान, बरेका द्वारा बरेका इंटर कॉलेज से बरेका प्रेक्षागृह तक पर्यावरण जागरूकता रोलर स्केटिंग रैली का आयोजन किया गया।

रैली को उपाध्यक्ष, संस्थान एवं वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) श्री राजकुमार गुप्ता तथा जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के उपरांत संस्थान परिसर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण भी किया गया।

बच्चों ने वाल पेंटिंग के जरिए दिया हरित संदेश

कर्मचारी क्लब में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण विषय पर वाल पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री राजकुमार गुप्ता एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चों ने अपनी रचनात्मक पेंटिंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को अभिव्यक्त किया।

हरित भविष्य की ओर बढ़ता बरेका

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित संगोष्ठी, वृक्षारोपण, रैली, नुक्कड़ नाटक और वाल पेंटिंग जैसे कार्यक्रमों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को नई दिशा दी। वहीं, गोल्ड रेटिंग ग्रीनको सर्टिफिकेशन की उपलब्धि ने बरेका को भारतीय रेल के अग्रणी हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल उत्पादन इकाइयों में शामिल कर दिया है।

DESK REPORTER – CHANDAN KUMAR

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

4 + 1 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!