VARANASI NEWS – काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 प्रवेश प्रक्रिया पर मंथन, कुलपति ने की समीक्षा बैठक
Khabarilaal News Desk :
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को सत्र 2026-27 के प्रवेश पंजीकरण एवं प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने की।
डॉ. भगवानदास केंद्रीय पुस्तकालय स्थित समिति कक्ष में आयोजित इस बैठक में वाराणसी एवं चंदौली जनपद के सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों और प्रवेश प्रभारियों ने भाग लिया।
प्रवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर
बैठक में सम्बद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को सहज और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
प्राचार्यों और प्रवेश प्रभारियों ने रखे सुझाव
बैठक में उपस्थित प्राचार्यों एवं प्रवेश प्रभारियों ने प्रवेश पंजीकरण, ऑनलाइन प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन तथा अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े सुझाव भी साझा किए। इन सुझावों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया, जबकि कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
बैठक में कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, प्रवेश उप-समन्वयक डॉ. राहुल गुप्ता, डॉ. आरती विश्वकर्मा, कंप्यूटर सेंटर के प्रभारी विनोद कुमार, शुभेक्षु कुमार सहित सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रवेश प्रभारी उपस्थित रहे।
Comments (0)