वाराणसी | फूलपुर थाना क्षेत्र के हमीरापुर गांव से डांट से नाराज होकर घर से भागे किशोर को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर लखनऊ से सकुशल बरामद किया। सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने किशोर को परिजनों को सौंप दिया। त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सराहना हो रही है।
पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया
प्राप्त जानकारी के अनुसार हमीरापुर निवासी आदित्य कुमार, पुत्र मंगरू राम, शनिवार सुबह किसी बात को लेकर पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सर्विलांस व सीडीआर की मदद से किशोर की लोकेशन हुआ ट्रेस
इसके बाद परिजन कठिरांव चौकी पहुंचे और उपनिरीक्षक रितेश कुमार से मदद की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक ने तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और सर्विलांस व सीडीआर की मदद से किशोर की लोकेशन ट्रेस कराई।
त्वरित कार्रवाई से जहां परिजनों ने ली राहत की सांस
जांच के दौरान किशोर की लोकेशन लखनऊ में पाई गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित कर रविवार रात उसे सकुशल बरामद कर लिया गया।पुलिस ने किशोर को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। इस त्वरित कार्रवाई से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना हो रही है।
Comments (0)