वाराणसी | 28 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को ‘नारी शक्ति’ महोत्सव के रूप में आयोजित करने की तैयारी है। भाजपा की बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम की कमान महिलाओं के हाथ होगी। करीब 50 हजार महिलाएं प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगी। आयोजन में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और राजनीतिक भागीदारी मुख्य केंद्र रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा इस बार ‘नारी शक्ति’ के महोत्सव के रूप में होगा आयोजित

आगामी 28 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा इस बार ‘नारी शक्ति’ के महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटी हुई है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक

इसी क्रम में रविवार को सर्किट हाउस में भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महानगर और जिला इकाइयों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि तथा महिला मोर्चा की पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

मातृशक्ति को सौंपी जाएगी कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी मातृशक्ति को सौंपी जाएगी। आयोजन की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान, बूथ स्तर तक जिम्मेदारियों का निर्धारण और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 से अब तक महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और उनकी सामाजिक व राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वाराणसी का यह कार्यक्रम नारी शक्ति के सामर्थ्य का जीवंत उदाहरण बनेगा।

पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटें मातृशक्ति

उन्होंने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटें, ताकि यह आयोजन देशभर में एक सकारात्मक संदेश दे सके।बैठक में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कहा गया कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

50 हजार महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन पर करेंगी स्वागत

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि बरेका परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में लगभग 50 हजार महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन पर उनका भव्य स्वागत करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मातृशक्ति की अगुवाई में यह कार्यक्रम ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बनेगा।बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया।

 
 
Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

7 + 4 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!