वाराणसी — जनपद में अवैध गांजा, हेरोइन व शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में एक हेरोइन तस्कर को 319 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरूणापार जोन प्रमोद कुमार और अपर पुलिस उपायुक्त अपराध नृपेन्द्र कुमार के निर्देशन में की गई। प्रभारी निरीक्षक शिवपुर अजीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को काशी धाम लॉन के पास छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से 319 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन तथा 1100 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कैफ जमाल उर्फ छोटू पुत्र स्वर्गीय जमालुद्दीन उर्फ गोलू निवासी शकुराबाद, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सरोज, उपनिरीक्षक मुकेश विश्वकर्मा, उपनिरीक्षक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल आमोद कुमार तथा नारकोटिक्स टीम से उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल इन्द्रजीत कुमार, हेड कांस्टेबल आनंद कुमार तिवारी, कांस्टेबल शक्तिधर पाण्डेय, कांस्टेबल आशुतोष त्रिपाठी और कांस्टेबल अभिषेक पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Comments (0)