उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ का मंडली सम्मेलन एवं चुनाव रविवार को वाराणसी के कबीरचौरा स्थित कंपोजिट विद्यालय पिपलानी कटरा के सभागार में धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बद्री प्रसाद ने की, जबकि मुख्य अतिथि एवं चुनाव अधिकारी के रूप में आजमगढ़ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री विनोद त्रिपाठी ने किया। सम्मेलन को सफल बनाने में श्रीमती माया देवी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में प्रांतीय संरक्षक मुन्नू लाल रावत एवं प्रांतीय संगठन मंत्री राधिका रंजन तिवारी भी शामिल हुए।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न मंडलों में संगठन का तेजी से विस्तार किया जा रहा है और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर सरकार से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट रहने और भ्रामक संगठनों से सावधान रहने का आह्वान किया।

सम्मेलन में पुरानी पेंशन बहाली, मृतक आश्रितों से जुड़े शासनादेश, सातवें वेतनमान का लाभ, अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 1900 ग्रेड पे देने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इन मांगों को लेकर जल्द ही आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने की बात कही।

कार्यक्रम में वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर जनपदों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने-अपने जिलों में संगठन की कार्यकारिणी के गठन का संकल्प लिया। सम्मेलन के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

Link Copied to Clipboard!

Comments (0)

10 + 2 = ?
No comments yet. Be the first to share your thoughts!